मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार – सीएमएचओ 1 से 7 अगस्त तक जिले में मनाया जाएगा विश्व स्तनपान सप्ताह

शहडोल 31 जुलाई 2026 — मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि जिले में 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उनके परिवारजनों को स्तनपान के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। शिशु के जन्म के तुरंत बाद मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) अवश्य पिलाया जाना चाहिए, क्योंकि इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शिशु को विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि जन्म से लेकर पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। इस अवधि में पानी, शहद, घुट्टी अथवा अन्य किसी प्रकार के खाद्य पदार्थ की आवश्यकता नहीं होती। छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद स्तनपान के साथ उपयुक्त पूरक आहार प्रारंभ किया जाना चाहिए तथा स्तनपान को दो वर्ष या उससे अधिक समय तक जारी रखा जा सकता है।

सीएमएचओ ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान सभी लोग स्तनपान के महत्व को समझें तथा यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि प्रत्येक नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद मां का पहला दूध मिले और जीवन के प्रारंभिक छह माह तक उसे केवल मां का दूध ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शिशु और स्वस्थ समाज के निर्माण में स्तनपान की महत्वपूर्ण भूमिका है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *