मध्य पूर्व में तनाव चरम पर: अमेरिका ने जारी किया अलर्ट, नागरिकों को तुरंत निकलने के लिए तैयार रहने की दी सलाह

अमेरिकी सरकार ने मध्य पूर्व में रह रहे अपने सभी नागरिकों के लिए एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल क्षेत्र छोड़ने (Evacuate होने) के लिए तैयार रहने की अपील की है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सप्ताहांत के दौरान ईरान पर नए और अधिक प्रभावी सैन्य हमलों की योजना बना सकते हैं, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है।
​अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि केवल मध्य पूर्व ही नहीं, बल्कि उसके बाहर मौजूद अमेरिकी राजनयिक प्रतिष्ठानों सहित कई अन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ईरान और उसके समर्थक समूह दुनिया भर में अमेरिका और उसके नागरिकों से जुड़ी संपत्तियों को निशाना बना सकते हैं। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कड़ा रुख अपनाया है और कहा है कि अमेरिका का सहयोग करने वाला कोई भी क्षेत्रीय देश युद्ध की लपटों में घिर जाएगा।
​सुरक्षा अलर्ट में अमेरिकी नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने, उड़ानें रद्द होने और अचानक हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी बाधाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। बहरीन, इराक, इजराइल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सहित पूरे मध्य पूर्व स्थित अमेरिकी दूतावासों ने यह अलर्ट जारी किया है। दूतावासों ने नागरिकों से बिना वजह यात्रा टालने और स्थिति बिगड़ने पर तुरंत रवाना होने की योजना तैयार रखने को कहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *